रांचीः डोरंडा थाना क्षेत्र के धोबी मुहल्ला स्थित उर्दू लाइब्रेरी के पास रविवार रात अपराधियों ने जावेद अनवर को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। अचानक गोलियां चलने से इलाके में अफरातफरी की स्थिति बन गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
सूचना मिलने पर हटिया डीएसपी, डोरंडा थाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने करीब आधा दर्जन खोखे बरामद किए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डोरंडा थानेदार अभिनंदन कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फायरिंग की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।
वर्चस्व की लड़ाई में फायरिंगः दरगाह के महासचिव जावेद अनवर ने पुलिस को दिए बयान में संजर, अफाक और छोटू गद्दी पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।

पहले भी रंजिश में चली हैं गोलियां
डोरंडा में फायरिंग की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। जून 2024 में मिस्त्री मोहल्ला में फायरिंग में सड़क किनारे खेल रहा 10 वर्षीय बच्चा घायल हो गया था। इसी महीने जमीन विवाद में करीब छह राउंड फायरिंग हुई थी। मार्च 2025 में बेलदार मोहल्ला में दो गुटों के विवाद में तीन युवक गोली लगने से घायल हुए थे। अक्टूबर 2025 में कुसई कॉलोनी में कोयलांचल शांति सेना के गुर्गो पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया था।






