रांची: कोयला घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को धनबाद के डिप्टी मेयर अरूण चौहान से पूछताछ की। लेकिन कुंभनाथ सिंह की पत्नी जया देवी ईडी के सामने पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हो सकी। उन्होंने पूछताछ में शामिल होने के लिए समय मांगा है। ईडी ने दोनों को 11 सितंबर को 11 बजे हाजिर होने को कहा था। जया देवी ईडी के अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुई है और उन्होंने समय मांगा है, लेकिन ईडी की ओर से अनुरोध पर फिलहाल कोई विचार नहीं किया गया है।
समन मिलने के बाद अरूण चौहान ईडी के सामने पेश हुए। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब पूछताछ शुरू हुई तो अरूण चौहान ने ईडी के अधिकांश सवालों को टालने की कोशिश की। कई सवालों का उन्होंने आधा-अधूरा जवाब ही दिया। जुलाई 2026 के अंत में ईडी की टीमों ने धनबाद के लोयाबाद स्थित कनकनी में डिप्टी मेयर अरुण कुमार चौहान और उनके भाई हरेंद्र चौहान के आवास सहित करीब 25 से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी थी। यह पूरी कार्रवाई अवैध कोयला खनन (Illegal Coal Mining), परिवहन, भंडारण और मनी लॉन्ड्रिंग सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन की जांच से जुड़ी है। ईडी ने इस मामले में अलग-अलग प्राथमिकियां (ECIR) दर्ज की हैं।






