डेस्कः भागलपुर में बीजेपी नेता उमा भूषण तांती की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। वारदात को बरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज इलाके में अंजाम दिया गया। बदमाशों ने भाजपा नेता के सिर के पास गोली मारी. जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उमा भूषण तांती के तौर पर की गई है। वह भाजपा में मंडल अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।
काली पूजा का चंदा विवाद की वजह!
पुलिस ने बॉडी को मायागंज अस्पताल लाया है, जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि काली पूजा को लेकर उगाही हो रहे चंदा को लेकर विवाद था। इसी विवाद में सिर में गोली मारी है।
इधर, घटना की सूचना के बाद मृतक की बेटी मायागंज अस्पताल पहुंची। पिता के शव को पकड़कर फूट-फूट कर रोने लगी। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के विधायक रोहित पांडे भी मौके पर पहुंचे हैं। सूचना के बाद एसडीपीओ सिटी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
लोगों में काफी गुस्सा

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।दबी जुबान में बीजेपी के ही एक नेता पर संगीन आरोप लगा रहे हैं।फिलहाल पुलिस हर पहलु को खंगालने में जुटी हुई है। स्थिति को देखते हुए वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।





