कोडरमाः गुरुवार देर रात जेएसएसी सीजीएल परीक्षा में हुई धांधली को लेकर सीआईडी की टीम ने कोडरमा में दो जगहों पर छापेमारी की। जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढ़ाब और कोडरमा थाना क्षेत्र के बरसोतियाबर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान राजेश यादव और संदीप कुमार को सीआईडी ने हिरासत में लिया और उसे रांची लेकर चली गई।
डोमचांच और बरसोतियाबार से हिरासत में लिए गए राजेश समेत दो युवक
जानकारी के अनुसार, डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब निवासी राजेश यादव, पिता जगदीश यादव, के यहां भी सीआईडी की टीम पहुंची। स्थानीय स्तर पर राजेश यादव को कथित पत्रकार बताया जा रहा है। टीम उनसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।इसके साथ ही संदीप कुमार नाम के युवक को सीआईडी की टीम उठाकर ले गई। इसके तुरंत बाद सीआईडी की टीम ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बरसोतियाबार में छापेमारी कर एक अन्य युवक को अपनी हिरासत में लिया।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कार्रवाई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में सीआईडी द्वारा पहले हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपियों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान कोडरमा के इन युवकों के नाम सामने आए थे। रिमांड और पूछताछ के दौरान यह बात निकलकर आई कि कोडरमा के ये दोनों युवक परीक्षा सिंडिकेट और धांधली में शामिल लोगों के लगातार संपर्क में थे। हालांकि, सीआईडी या स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक इस बात का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है कि पकड़े गए युवकों की सीजीएल परीक्षा धांधली में किस स्तर की भूमिका थी क्या वे प्रश्नपत्र की खरीदारी-बिक्री में शामिल थे, परीक्षार्थियों को सेट कराने का काम कर रहे थे या केवल बिचौलियों के माध्यम से आर्थिक लेन-देन संभाल रहे थे। फिलहाल सीआईडी टीम पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य सफेदपोशों और मास्टरमाइंड का सुराग मिलने की संभावना है।





