चतरा:टंडवा कोयलांचल में मंगलवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। टंडवा थाना क्षेत्र में करीब सुबह 3 बजे से 5 बजे के बीच हुई मुठभेड़ में गैंग का एक कथित अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद घायल अपराधी को पुलिस ने तत्काल कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि हजारीबाग पुलिस द्वारा राहुल दुबे गैंग के खिलाफ लगातार दबिश और कार्रवाई के बाद गैंग से जुड़े अपराधी इधर-उधर भाग रहे हैं। इसी क्रम में टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस को गैंग के सदस्यों के मौजूद होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
सुबह-सुबह गोलियों की आवाज से टंडवा कोयलांचल में हड़कंप मच गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।






