रांचीः पुलिस ने जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के एक्स हैंडल की जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना ने एक्स कॉर्प के लीगल सेल को नोटिस भेजकर हैंडल संचालित करने वाले यूजर की पहचान और अकाउंट से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है। आरोप है कि मंच के एक्स हैंडल से राज्य सरकार के खिलाफ कथित तौर पर झूठी, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किये जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, उक्त हैंडल से लगातार ऐसे पोस्ट किये गये जिनसे सरकार की छवि धूमिल करने और सार्वजनिक शांति प्रभावित करने का प्रयास हुआ। इस संबंध में कोतवाली थाना में कांड संख्या 183 / 2026 दर्ज किया गया है। साइबर थाना की ओर से भेजे गये नोटिस में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 94 और आईटी एक्ट की धारा 69 का हवाला दिया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353, 196 और 356 समेत आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत आरोप लगाये गये हैं। पुलिस ने एक्स कार्प से यूजर का नाम, पता, मोबाइल नंबर, वैकल्पिक इमेल आईडी, आईपी एड्रेस और आईएमइआइ नंबर समेत अन्य जानकारी मांगी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है। एक्स कॉर्प से जानकारी मिलने के बाद अकाउंट संचालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।





