लोहरदगा से लापता व्यवसायी विजय जायसवाल हजारीबाग से सुरक्षित बरामद, परिवार ने ली राहत की सांस, जायसवाल परिवार ने पुलिस को दी बधाई

Picture of Live Dainik

Live Dainik

August 23, 2026

लोहरदगा से लापता व्यवसायी विजय जायसवाल हजारीबाग से सुरक्षित बरामद, परिवार ने ली राहत की सांस, जायसवाल परिवार ने पुलिस को दी बधाई

लोहरदगा : शहर के मिशन चौक निवासी प्रतिष्ठित व्यवसायी विजय जायसवाल के लापता होने से पिछले करीब दो दिनों से परेशान जायसवाल परिवार को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। 21 अगस्त की सुबह घर से निकलने के बाद लापता हुए विजय जायसवाल को पुलिस की मदद से करीब 45 घंटे के भीतर हजारीबाग में सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। वर्तमान में वे हजारीबाग थाना पुलिस के पास सुरक्षित हैं, जिन्हे वहां से लाने के लिए परिवार के सदस्य रवाना हो गए हैं। इधर, विजय जायसवाल के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही स्वजनों ने राहत की सांस ली। जायसवाल परिवार के अनुसार विजय जायसवाल 21 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्हें बातें याद रखने में परेशानी होती है। ऐसे में उनके अचानक लापता होने के बाद परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी। स्वजन लोहरदगा से लेकर रांची तक उनकी तलाश में जुटे थे और पुलिस से भी लगातार संपर्क बनाए हुए थे।

See also  गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा: तीन ट्रकों में लगी आग, ड्राइवर-खलासी जिंदा जले

लोहरदगा से रांची तक मिले थे सुराग
विजय जायसवाल के घर से निकलने के बाद उनकी गतिविधियों के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आए थे। सुबह करीब 9:22 बजे उन्हें लोहरदगा के बरवाटोली स्थित मनोकामना दुर्गा मंदिर के समीप सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था। इसके बाद उनके टेंपो से भंडरा पहुंचने की जानकारी मिली। भंडरा से उन्होंने दूसरी टेंपो ली और रांची जिले के बेड़ो पहुंचे। इसके बाद नगड़ी की ओर जाने की बात सामने आई थी। खोजबीन के दौरान रांची के अरगोड़ा चौक पर भी उनके टेंपो से उतरने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उनका धुर्वा के रास्ते में आवागमन की जानकारी मिलने के बाद आगे कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पा रहा था। परिवार के सदस्य लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रहे थे।

पुलिस की मदद से मिली बड़ी सफलता
लगातार प्रयास के बीच अब विजय जायसवाल के हजारीबाग में सुरक्षित मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली है। हजारीबाग थाना पुलिस के पास विजय के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद परिवार की चिंता खत्म हुई। करीब 45 घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद जायसवाल परिवार ने लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी के साथ-साथ लोहरदगा, रांची और हजारीबाग पुलिस के प्रति आभार जताया है। विजय जायसवाल के लापता होने की खबर लाइव दैनिक ने प्रमुखता से चलाई थी और उस खबर ने लापता व्यवसायी की खोज में काफी मदद की।

See also  हजारीबाग जमीन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, ACB ने 6 को किया गिरफ्तार

पुलिस-प्रशासन को परिवार ने दी बधाई
विजय जायसवाल के सुरक्षित बरामद होने पर जायसवाल परिवार ने लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी, लोहरदगा के सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के साथ-साथ रांची और हजारीबाग जिले के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को बधाई दी है। जायसवाल परिवार ने कहा कि पुलिस के सहयोग और सक्रियता से लापता विजय जायसवाल को सुरक्षित खोजने में सफलता मिली। विजय जायसवाल के सकुशल मिलने की खबर सामने आने के बाद परिवार, परिचितों और शुभचिंतकों ने भी राहत जताई है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now