रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में शुक्रवार को लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रवक्ता उपस्थित थे।सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए MMDR (खान एवं खनिज) संशोधन बिल पर तीखा हमला बोला।
सांसद ने कहा, “झारखंड का जमीन, झारखंड का प्रदूषण, विस्थापन यहाँ के लोगों के लिए और निर्णय कौन करेगा? दिल्ली करेगा। ये पूरे संविधान के संघीय चरित्र (Federal Character) पर एक बड़ा घात है।”
उन्होंने कहा, “हमें सेस (Cess) लगाने का जो अधिकार मिला था, वो माननीय सर्वोच्च न्यायालय के अनुपालन में मिला था। तो क्या मोदी जी की अहंकारी सरकार सुप्रीम कोर्ट से भी ऊपर हो गई है?”
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि इस बिल से झारखंड को राजस्व का भारी नुकसान होगा और आदिवासियों का हक मारा जाएगा। केंद्र सिर्फ पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए राज्य के अधिकार छीन रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसका सदन से लेकर सड़क तक विरोध करेगी और झारखंड सरकार के साथ मिलकर कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगी।






