गुमला : जिले के जारी थाना क्षेत्र के जरडा पंचायत अंतर्गत मंगरुतल्ला गांव में रविवार की देर शाम जमीन विवाद में दो बुजुर्गों की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मंगरुतल्ला गांव निवासी भूषण खेरवार (60 वर्ष) और बुधराम खेरवार (70 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों गांव में ही मौजूद थे। इसी दौरान अचानक धारदार हमले में दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जारी थाना प्रभारी शनि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस गांव में लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। जारी थाना प्रभारी शनि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।







