रांचीः जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित तौर पर गड़बड़ी को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। इस मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चिट्ठी लिखी है। जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित सर्किट हॉउस मे मीडिया से बातचीत के दौरान रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के छात्र आंदोलन की दुर्दशा देखकर मन व्यथित है। वहां न पानी की व्यवस्था है, न टेंट का परमिशन दिया गया है।
रघुवर दास ने सीएम को भेजा ईमेल
रघुवर दास ने कहा कि छात्र आंदोलन से उन्होंने अपनी राजनीतिक की शुरूआत की है. इसलिए वे छात्र आंदोलन के दर्द को समझते हैं।उन्होंने इसे लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ई-मेल लिखा है, जिसमें कोई राजनीतिक मंशा नहीं है।लेटर में कहा गया कि इस मामले को दलगत भावना से अलग हट कर देखें, छात्रों से सीधी बात करें और उनकी मांग के अनुरूप मामले की CBI से जांच कराएं, क्योंकि जिस तरह से छात्र आंदोलन को जन समर्थन मिल रहा है, कहीं ऐसा न हो कि यह जनआंदोलन बन जाए और सरकार को नुकसान हो।
छात्रों के आंदोलन को लेकर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन को मेरा खुला पत्र। pic.twitter.com/h3hhhmLJIb
— Raghubar Das (@dasraghubar) August 4, 2026
रघुवर दास ने की राहुल गांधी से अपील
रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस, सपा, आरजेडी, आप, जेएमएम और वाम दल ने जंतर-मंतर में छात्र आंदोलन को समर्थन दिया था। लेकिन इसमें से किसी ने भी झारखंड के छात्रों का समर्थन नहीं दिया। विपक्ष ने NEET परीक्षा को लेकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के लिए एक करोड़ मुआवजे की मांग की। लेकिन हेमंत सरकार के कार्यकाल में उत्पाद सिपाही बहाली के दौरान 19 अभ्यार्थी की मौत पर चुप हैं। रघुवर दास ने प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी से अपील की है कि वे बिरसा मुंडा की धरती पर आएं और उत्पाद सिपाही बहाली में हुई मौत के लिए भी एक करोड़ दिलाने का काम करें।
बिहार-मध्यप्रदेश उपचुनाव पर प्रतिक्रिया
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि JSCC, CGL में बड़ा घोटाला हुआ है। उनके कार्यकाल में 1,33,000 बहाली हुई, जिसमें कोई गड़बड़ी नहीं हुई।लेकिन पिछले 5-6 वर्षों से पेपर लीक और अनियमितता हो रही है। अब सरकार को सचेत हो जाना चाहिए. बिहार, मध्यप्रदेश और गुजरात में हुए उपचुनाव परिणाम पर रघुवर दास ने कहा कि बिहार और मध्यप्रदेश में असफलता मिली है। पार्टी इस पर गहन मंथन कर रही है कि आखिर कहां चूक हुई है।
वहीं, जमशेदपुर में टाटा स्टील द्वारा संचालित JFC बंद करने मामले में रघुवर दास ने कहा कि सिर्फ स्टील उत्पादन ही नहीं हर क्षेत्र में टाटा की अलग पहचान है। जेएन टाटा के सपनों के शहर से खेल जगत में कई खिलाडियों को पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि JFC बंद करने के मामले में टाटा प्रबंधन से बात की जाएगी।






