रांचीः हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर में सोमवार की रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। सोमवार देर रात मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, गाड़ी के मालिकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बताया जाता है कि अज्ञात बदमाशों ने एक-एक कर कई वाहनों को निशाना बनाया। जिन वाहनों में तोड़फोड़ की गई उनमें हुंडई वरना, टाटा नेक्सॉन, स्कॉर्पियो, सूमो समेत अन्य गाड़ियां शामिल हैं। बदमाशों ने वाहनों के शीशे तोड़ने के बाद मौके से फरार हो गए।

मंगलवार सुबह जब वाहन मालिक अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे तो उनके शीशे टूटे मिले। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया । लोगों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।जिन गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है उसमें एक कार पुलिसकर्मी का बताया जा रहा है।

सूचना मिलने पर हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि तोड़फोड़ करने वाले आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।









