रांचीः जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से सीआईडी ने शुक्रवार को करीब 9 घंटे पूछताछ की। इसके बाद देर शाम उन्हें घर जाने की अनुमति दी गई। अब तक की जांच में सीआईडी को 14वीं सिविल सेवा पीटी परीक्षा में गड़बड़ी के कई सबूत मिले हैं। ओएमआर शीट में गड़बड़ी के मामले में सुमन सौरभ की गिरफ्तारी और उसके द्वारा गलत तरीके से पीटी पास करने की बात स्वीकार करने के बाद परीक्षा में गड़बड़ी की पुष्टि हो चुकी है। इधर, इस्तीफा दे चुके आयोग के अध्यक्ष एल खियांग्ते पूछताछ के दौरान चुप्पी साधे हुए हैं। इन सभी तथ्यों को देखते हुए अब इस बात की प्रबल संभावना है कि जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द की जा सकती है।
टीडीपीएल दफ्तर कैसे पहुंची ओएमआर शीट, जवाब नहीं दे पाये एल खियांग्ते
सीआईडी द्वारा नोटिस जारी किये जाने के बाद छात्र ओएमआर सीट की कार्बन काॅपी भेज रहे हैं। जांच के क्रम में बड़ी संख्या में गड़बड़िरूयां मिल रही है। इधर, आयोग के सदस्यों की भूमिका को लेकर पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते, परीक्षा उपनियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, टीडीपीएल निदेशक तथा कर्मी अभय तिवारी द्वारा दी जानकारी के आधार पर सीआईडी की रडार पर जेपीएससी के कुछ सदस्य और अन्य लोग भी आ सकते हैं। शुक्रवार को सीआईडी अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, चयन प्रक्रिया और निजी एजेंसी की भूमिका पर खियांग्ते से सवाल पूछे। उनसे पूछा गया कि ओएमआर शीट परीक्षा कार्य में जुटे टीडीपीएल के दफ्तर में कैसी गयी। ओएमआर शीट में गड़बड़ी कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। खियांग्ते कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे। जेपीएससी कार्यालय के साथ-साथ परीक्षा संचालन से जुड़ी निजी एजेंसी टीडीपीएल के कार्यालय में भी तलाशी ली गयी थी। जांच में टीडीपीएल के दफ्तर में कई ओएमआर शीट बरामद हुई हैं। यही ओएमआर शीट अब एल खियांग्ते से हो रही पूछताछ में गड़बड़ी की जड़ तलाशने का अधार बन रही हैं।
सदस्यों और पूर्व अध्यक्ष के बयानों का मिलान होगा
सीआईडी अब उन सदस्यों की भूमिका से जुड़े इनपुट्स का सत्यापन कर रही है, जिनके नाम जांच के दौरान सामने आए हैं। सूत्रों के मुताबिक, साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया जाएगा। इसके बाद उनके बयानों का मिलान पूर्व अध्यक्ष और अन्य आरोपियों के बयान से किया जाएगा, ताकि सभी की भूमिका स्पष्ट हो सके। उधर, सीआईडी ने पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को पूछताछ के लिए फिर तीन अगस्त को बुलाया है। अब तक उनसे तीन बार पूछताछ हो चुकी है।







