राम मंदिर में चंदा चोरी को लेकर विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन, पुजारी के भेष में पहुंचे पप्पू यादव तो राहुल गांधी ने दिया चंदा

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 31, 2026

राम मंदिर में चंदा चोरी को लेकर विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन, पुजारी के भेष में पहुंचे पप्पू यादव तो राहुल गांधी ने दिया चंदा

डेस्कः संसद के मौजूदा माॅनसून सत्र में नीट पेपर लीक पर केंद्र सरकार को घेरने के बाद अब विपक्षी दल अयोध्या के राम मंदिर में हुई चंदा चोरी को लेकर हमलावर हो गए है। शुक्रवार को विपक्ष के सांसदों ने संसद परिसर में चंदा चोरी को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव संत बनकर परिसर पहुंचे तो अन्य सांसदों के साथ चढ़ावा चोरी को लेकर एक छोटी सी प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के जरिए विपक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा और मामले पर संसद में चर्चा कराने तथा जवाबदेही तय करने की मांग की गई।


बिहार के पूर्णिया क्षेत्र से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव एक पुजारी का वेश धारण करके संसद भवन के मकर द्वार पहुंचे और फिर दान पेटी के साथ वहां कुछ समय तक बैठे हुए थे। सपा सांसद डिंपल यादव ने पुजारी बने पप्पू यादव के पास दान पेटी रखी। फिर थोड़ी देर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस ‘दान पेटी’ में कुछ पैसे दान किए।कई अन्य सांसदों ने भी पैसे दान किए।


राहुल गांधी के दान के पैसे जेब में डाले
उनके प्रदर्शन के दौरान जब राहुल गांधी समेत कई नेता उस दान पेटी में पैसे डालने के लिए गए तो सांसद पप्पू यादव ने वो पैसे अपनी जेब में डाल लिए।इसके जरिए उन्होंने यह दर्शाने की कोशिश की कि इसी तरह से राम मंदिर के चढ़ावे को चुराया गया था। फिर कई विपक्षी सदस्यों ने चोर-चोर और चढ़ावा चोर कहते हुए पप्पू यादव को घेर लिया।
इस तरह के प्रदर्शन पर फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “आज यह मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस लड़ाई की शुरुआत अखिलेश यादव ने की थी, और इसे आगे बढ़ाने की हमारी जिम्मेदारी है, जो हमें अयोध्या की जनता ने सौंपी है।” उन्होंने आगे कहा, “अयोध्या भगवान श्रीराम की पावन भूमि है। यदि अयोध्या का अपमान हुआ है, तो हम इस मसले को पूरी दृढ़ता के साथ उठाएंगे। हम इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे और इस पर चर्चा की मांग भी करेंगे।”
 

See also  झारखंड कांग्रेस में खटपटः मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने खोला मोर्चा, बेटे- प्रशांत किशोर ने दिया इस्तीफा
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now