धनबाद : जिले के जोगता थाना क्षेत्र स्थित टाटा सिजुआ 1 नंबर में रंगदारी न देने को लेकर दबंगों द्वारा एक ही परिवार के लोगों के साथ बर्बरता से मारपीट और महिलाओं के साथ छेड़खानी का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। दबंगों के इस हिंसक हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए धनबाद के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 19 वर्षीय युवती कली कुमारी की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
रंगदारी न मिलने पर दुकान में तोड़फोड़ और परिजनों पर हमला
पीड़िता रामशीला देवी (45 वर्ष, पति- मुकेश कुमार पासवान) द्वारा जोगता थाना प्रभारी को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, घटना रविवार (26 जुलाई 2026) सुबह करीब 11:00 बजे की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है वह सिजुआ 1 नम्बर में सरकारी पीडीएस दुकान चलाती है। जहाँ उनके पड़ोस में रहने वाले इंद्रीजीत पासवान द्वारा अक्सर उनसे रंगदारी मांगी जाती है। आज रविवार को भी इंद्रजीत रंगदारी की मांग करने दुकान पर आया था। जब रामशीला ने रंगदारी देने से इनकार किया तो दबंग इंद्रीजीत पासवान और उनके साहियोगियों ने दुकान में तोड़फोड़ की और सरकारी संपति को भारी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद आरोपी इंद्रजीत पासवान अपने परिजनों—पत्नी रेखा देवी, बेटियों (प्रतिभा देवी, बेबी कुमारी, अंकिता कुमारी) तथा बेटों (अनिकेत कुमार, अंकुश कुमार) एवं 12 से 14 अज्ञात अन्य सहयोगियों के साथ गोलबंद होकर पीड़िता के घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसकर न केवल लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया, बल्कि पीड़िता और उनकी बेटियों के साथ सरेआम छेड़खानी व दुर्व्यवहार भी किया गया। दबंगों की इस बर्बरता में परिवार के निम्नलिखित सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमे कली कुमारी (19 वर्ष): सिर व शरीर पर गंभीर चोटों के कारण हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। जबकि रामशीला देवी (45 वर्ष): गंभीर चोटें। प्रेरणा कुमारी (26 वर्ष): गंभीर रूप से घायल।मुकेश कुमार (45 वर्ष): मारपीट में गंभीर रूप से चोटिल। सभी घायलों का इलाज फिलहाल धनबाद सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों द्वारा कली कुमारी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।थाने में लिखित शिकायत, आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर घटना के बाद पीड़िता रामशीला देवी ने जोगता थाना में आवेदन देकर नामजद आरोपियों (इंद्रजीत पासवान, अनिकेत कुमार, बेबी कुमारी, रेखा देवी व अन्य 12-14 लोग) के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है क्योंकि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। पीड़िता के परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।


