रांचीः एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 का रविवार को रांची में भव्य आगाज होगा। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाला उद्घाटन समारोह भारतीय सेना के अदम्य शौर्य, झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विश्वस्तरीय फटबॉल का एक अनूठा और अविस्मरणीय संगम बनेगा। रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन से पहले भव्य रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इसमें आर्मी बैंड, फ्लाइपास्ट और स्काइ डाइविंग जैसे कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे।कार्यक्रम के बाद शाम पांच बजे से इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) की टीम जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका आर्म्ड फोर्सेज की टीम डिफेंडर्स एफसी के बीच मुकाबला होगा।
दर्शकों के लिए दो बजे खुलेंगे गेट
स्टेडियम के गेट दोपहर 2:00 बजे से दर्शकों के लिए खोल दिये जायेंगे। दोनों टीमों का आगमन दोपहर 3:00 से 3:30 बजे के बीच होगा। इसके बाद 3:40 बजे से प्री-शो शुरू होगा, जिसमें डूरंड कप पर आधारित विशेष ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखायी जायेगी। भारतीय नौसेना प्रमुख, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि 3:40 से 4:00 बजे के बीच स्टेडियम पहुंचेंगे। उनके सम्मान के बाद शाम 4:00 से 4:35 बजे तक मुख्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इसमें आर्मी बैंड की प्रस्तुति, फ्लाईपास्ट, झारखंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खुकरी मार्शल आर्ट का प्रदर्शन और भांगड़ा की रंगारंग प्रस्तुति होगी। इसके बाद करीब 4:40 बजे स्काई डाइविंग और ब्रास बैंड का विशेष प्रदर्शन होगा, जो समारोह का सबसे रोमांचक आकर्षण माना जा रहा है। इसके बाद ट्रॉफी ड्रिल, डूरंड कप की विशेष फिल्म, फीफा एंथम, खिलाड़ियों का मैस्कॉट्स के साथ मैदान में प्रवेश, मुख्य अतिथि से परिचय, सामूहिक फोटो और पारंपरिक सेरेमोनियल किक की रस्म निभायी जायेगी।उद्घाटन समारोह के समापन के बाद शाम 5:00 बजे टूर्नामेंट के रांची चरण के पहले मुकाबले की शुरुआत होगी। आयोजकों ने दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की है, ताकि वे पूरे उद्घाटन समारोह का आनंद ले सकें।
जेएफसी और डिफेंडर एफसी के बीच मैच
टूर्नामेंट में रविवार शाम पांच बजे से जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) और श्रीलंका की डिफेंडर एफसी के बीच मैच खेला जायेगा। इस मैच के लिए दोनों टीमें रांची पहुंच चुकी हैं।रांची में ग्रुप सी के मुकाबले खेले जाने हैं।इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी, एससी दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका सशस्त्र बल) शामिल हैं।
मैच की तैयारियां पूरी
रविवार को होनेवाले मैच को लेकर मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां पूरी कर ली गयी है। रविवार को उद्घाटन मुकाबला शाम पांच बजे से खेला जायेगा।
इन चीजों पर रहेगी पाबंदी
हथियार और नुकीली चीजें : आग्नेयास्त्र, स्विस आर्मी चाकू, कटर, कैंची या कोई अन्य हथियार।
पटाखे व ज्वलनशील पदार्थ : आतिशबाजी, फ्लेयर्स, स्मोक बम, पटाखे, लाइटर, माचिस और गैस स्प्रे कैन।
बैग और सामान : बड़े बैकपैक, सूटकेस, लैपटॉप बैग व बड़े स्पोर्ट्स बैग।
भोजन व पेय पदार्थ : बाहर का भोजन, पानी की बोतलें, कांच के कंटेनल, टिन के डिब्बे व फ्लास्क।
नशीले पदार्थ व तंबाकू : शराब, अवैध पदार्थ, सिगरेट, ई-सिगरेट, वेप्स, गुटखा और चबानेवाले तंबाकू।
इलेक्ट्रॉनिक्स व रिकॉर्डिंग डिवाइस : ड्रोन, डिटैचेबल लेंस वाल पेशेवर कैमरे, ट्राइपॉड, लैपटॉप व बड़े पावर बैंक।
बाधा डालनेवाली वस्तुएं : हेलमेट, लंबे ठोस छाते, सीढ़ियां, स्टेप स्टूल व फोल्डिंग कुर्सियां।
शोर मचानेवाले उपकरण : मेगाफोन, एयर हॉर्न व अन्य वस्तु जो गेमप्ले या रेफरी संचार को बाधित कर सकते हैं।
बैनर व पोल : बड़े आकार के झंडे या बैनर।
विविध : लेजर पॉइंटर्स, एरोसोल स्प्रे, परफ्यूम और जानवर।
मुकाबले के लिए रांची पहुंची जमशेदपुर की टीम
जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) की टीम 26 जुलाई से डूरंड कप में अपने अभियान की शुरुआत श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ करेगी।इस मुकाबले के लिए जमशेदपुर की टीम रांची पहुंच गयी है।मैच की पूर्व संध्या पर जेएफसी के मुख्य कोच कैजाद अंबापार्दीवाला ने कहा कि हम मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।हमारी टीम में अनुभवी और युवा दोनों तरह के खिलाड़ी मौजूद हैं। इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) के किसी क्लब के पहले पारसी कोच बने कैजाद ने कहा कि यह हम सभी के लिए एक बड़ा अवसर है और हम टूर्नामेंट की शुरुआत को लेकर बहुत उत्सुक हैं। उन्होंने आगे कहा कि डिफेंडर्स एफसी भी एक अच्छी टीम है और इस बड़े मंच पर हर टीम के पास बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता होती है। वहीं, जेएफसी के कप्तान प्रणॉय हल्दर ने कहा कि हम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगे।हमारा लक्ष्य इस मैच में तीन अंक हासिल करके ग्रुप-सी की अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना है।


