रांची: राजधानी के गोंदा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर में शुक्रवार देर रात एक कारोबारी के घर में घुसकर तीन नकाबपोश अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों ने कारोबारी आलोक कुमार (65) को पंखे से लटकाकर मार डालने की धमकी दी और विरोध करने पर चाकू से उनकी कलाई पर वार कर दिया।हालांकि आलोक कुमार ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया, जिसके बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।आलोक कुमार सीएमपीडीआई के पूर्व जीएम है।
प्राथमिकी के अनुसार, रात करीब 1.30 बजे आलोक कुमार अपने घर में सो रहे थे। तभी उन्हें घर के अंदर टूट-फूट की आवाज सुनाई दी। कुछ समझ पाते, इससे पहले तीन नकाबपोश उनके कमरे में पहुंच गए। तीनों ने चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहन रखे थे।अपराधियों ने उन्हें जगाते हुए कहा, “तुम्हें लोगों से पंगा लेने का बहुत शौक है, आज तुम्हें पंखे से लटका देंगे।” इसके बाद दो अपराधियों ने उनका दाहिना हाथ और एक ने बायां हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान एक अपराधी ने चाकू निकालकर उनकी दाहिनी कलाई पर हमला कर दिया, जिससे काफी खून बहने लगा।
इसके बाद दो अपराधियों ने उनके दाहिने हाथ और एक ने बाएं हाथ को पकड़ लिया। इसी दौरान एक बदमाश ने चाकू निकालकर उनकी कलाई पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए और काफी खून बहने लगा। लेकिन आलोक कुमार ने हिम्मत नहीं हारी।उन्होंने अपराधियों को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और बिस्तर के नीचे रखा तलवार और चापड़ निकाल लिया। उन्हें हथियार के साथ अपनी ओर बढ़ता देख तीनों अपराधी घबरा गए और सीढ़ी के रास्ते छत पर चढ़कर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद आलोक कुमार ने अपने परिचितों को फोन कर जानकारी दी।कुछ ही देर में उनके परिचित मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए रिम्स ले गए, जहां उनका उपचार कराया गया। गोंदा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। उनके चेहरे मास्क से ढके थे और हाथों में दस्ताने होने के कारण पहचान छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


