रांची: राजधानी की उभरती शतरंज खिलाड़ी और दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रांची की पांचवीं कक्षा की छात्रा प्राप्ति मुंडा (10) की मंगलवार को रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।सोमवार रात डोरंडा थाना क्षेत्र के नार्थ ऑफिस पाड़ा स्थित अपने घर की छत पर भाई के साथ खेलते समय वह अचानक नीचे गिर गई थी। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
घरवालों ने घायल प्राप्ति को तत्काल गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया।रिम्स में पूरी रात डाक्टरों की टीम ने उसका इलाज किया, लेकिन मंगलवार सुबह उसने अंतिम सांस ली। इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।प्राप्ति की मां मुन्नी पाहन दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची में पीटी शिक्षिका हैं, जबकि उनके पिता दीपेंद्र कुमार मुंडा हैं।मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे डिबडीह स्थित मसना में प्राप्ति का अंतिम संस्कार किया गया।
शतरंज की दुनिया में बनाई थी अलग पहचान
बड़ी संख्या में परिजन, शिक्षक, सहपाठी और परिचित उसे अंतिम विदाई देने पहुंचे। कम उम्र में ही प्राप्ति ने शतरंज की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली थी।उसकी फिडे (एफआईडीई) रेटिंग 1483 थी और उसने राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं में कई उल्लेखनीय प्रदर्शन किए थे। खेल के साथ-साथ वह पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में भी अव्वल थी। पेंटिंग में भी उसकी विशेष रुचि थी।
वन विभाग की ओर से आयोजित एक पेंटिंग प्रतियोगिता में उसने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। प्राप्ति के असामयिक निधन से डीपीएस रांची परिवार, शतरंज जगत और उसे जानने वाले सभी लोग गहरे सदमे में हैं।शिक्षकों और खिलाड़ियों ने उसे एक प्रतिभाशाली, अनुशासित और मेहनती छात्रा बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में उसका चले जाना शिक्षा और खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उसकी उपलब्धियां और प्रतिभा हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेंगी।


