पलामू के 7 साल पुराने कथित अपहरण कांड का खुलासा, पति की प्रताड़ना से छोड़ दिया था घर, भोपाल से बरामद महिला ने पति के साथ रहने से किया इंकार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 17, 2026

पलामू के 7 साल पुराने अपहरणकांड का खुलासा, पति की प्रताड़ना से छोड़ दिया था घर, भोपाल से बरामद महिला ने साथ रहने से किया इंकार

पलामू : जिले के सात साल पुराने कथित अपहरण मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। वर्ष 2019 में अपहरण की शिकार बताई गई महिला को पलामू पुलिस ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया है। महिला ने पलामू पुलिस के समक्ष दिए बयान में स्पष्ट रूप से कहा है कि उसका अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि पति की मारपीट और लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर उसने खुद घर छोड़ दिया था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति प्रकाश चार शादियां कर चुका है। उसने स्पष्ट रूप से कहा कि अब वह किसी भी परिस्थिति में पति के साथ नहीं रहना चाहती। महिला के इस बयान के बाद सात साल पुराने मामले की जांच पूरी तरह नए मोड़ पर पहुंच गई है। दरअसल, वर्ष 2019 में महिला के पति प्रकाश ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ पत्नी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार महिला की तलाश में जुटी रही, जबकि नामजद आरोपित गांव में सामान्य जीवन जीते रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्रामपुर के एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि महिला भोपाल के बेरखेड़ी क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद पलामू पुलिस की टीम भोपाल पहुंची और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस को दिए लिखित बयान में महिला ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी मारपीट के बाद वह पहले घर के पास बैंगन के खेत में छिप गई और अगले दिन ट्रेन से भोपाल चली गई। वहां वह मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने बताया कि महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उसके फर्द बयान दर्ज कर लिए गए हैं और अब पूरे मामले की सभी कानूनी पहलुओं से पुनः जांच की जा रही है। महिला के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

See also  ममता बनर्जी की TMC में फूट ,58 विधायकों ने अलग गुट बनाया,ऋतब्रत बनर्जी को विधायक दल का नेता चुना
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now