सरायकेला/खरसावां: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्कोनगर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को सरायकेला-खरसावां पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम से सकुशल बरामद कर लिया है। गुरुवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।बच्चियों के सुरक्षित मिलने पर स्वजन ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां 13 जुलाई को रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को चार सहेलियां रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया। मंगलवार को चार में से एक बच्ची सुरक्षित घर लौट आई, जबकि तीन अन्य का कोई सुराग नहीं मिला। उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे पुलिस के सामने तलाश की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने परिजनों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर लगातार खोज अभियान चलाया।लगातार छानबीन, संभावित ठिकानों पर दबिश और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम से तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।
पूरे अभियान का नेतृत्व आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने किया। तलाशी अभियान में सब इंस्पेक्टर विश्वजीत तिवारी और जेएसआई शिव प्रकाश सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के कारण बच्चियों को सुरक्षित उनके स्वजन तक पहुंचाया जा सका।बरामद बच्चियों की पहचान शांति सामड (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) और सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चियां किन परिस्थितियों में पश्चिमी सिंहभूम पहुंचीं और उनके वहां तक पहुंचने के पीछे क्या कारण रहे।


