रांचीः कांके विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 276 में अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है। एसआईआर फार्म भरने गयी दो महिला का एक ही एपिक नंबर मिलने से दोनों परिवार एसआईआर फार्म भरने को लेकर संशय में हैं। दोनों महिला चूड़ी टोला निवासी गजाला परवीन पति शकील अहमद व गजाला शाहीन पति शकील अहमद दोनों महिला जब बूथ संख्या 272 पर एसआईआर फार्म भरने पहुंची, तब बीएलओ ने एक का फॉर्म भर दिया। वहीं दूसरी महिला को फॉर्म भरने से वंचित कर दिया।
बीएलओ ने बताया कि दोनों महिला का मिलता-जुलता नाम है, लेकिन दोनों के पति का नाम एक ही है। वहीं दोनों महिला का एपिक नंबर जीएचएफ 5682109 है। वोटर कार्ड में दोनों महिला का अपना-अपना फोटो भी सही लगा हुआ है। दोनों महिला ने पूर्व में मैपिंग भी करा लिया है। इस स्थिति में दोनों महिला संशय में हैं कि कहीं वे लोग एसआईआर फॉर्म भरने से वंचित ना हो जायें। उनका नाम वोटर लिस्ट से हट ना जाये।

इस संबंध में कांके सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ विजय कुमार ने बताया कि दोनों वोटर आईडी में कहां से गड़बड़ी हुई है, इसकी जांच की जा रही है। गड़बड़ी होगी , तो इसको सुधार करा दिया जायेगा।


