डेस्कः उत्तप्रदेश के आगरा में एक घर के अंदर फ्रिज में बाबा बर्फानी यानी शिवलिंग जैसी आकृति चर्चा का विषय बनी हुई है। जैसे ही इस आकृति की जानकारी लोगों को मिली घर आस्था का केंद्र बन गई। लोग इस सावन से पहले भगवान शिव का चमत्कार समझते हुए उस घर में पहुंचने लगे और पूजा-अर्चना करने लगे। लोगों के फ्रिज के अंदर बने शिवलिंग की आकृति में जलाभिषेक किया और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।
मामला आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर भी इसकी फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। कई लोग इसकी तुलना अमरनाथ गुफा में बनने वाले प्राकृतिक हिमलिंग से कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सामान्य बता रहे हैं। इसी वजह से यह घटना आस्था और विज्ञान, दोनों दृष्टिकोणों से चर्चा का विषय बन गई है।
"अमरनाथ की गुफा में बर्फ घुल चुकी है, हमारे फ्रिज में प्रकट हो चुके हैं जय भोलेनाथ जी"pic.twitter.com/KAyBSMee9I
— Sunil Yadav (@sunilyadav21) July 13, 2026
फ्रिज के अंदर दिखी शिवलिंग जैसी आकृति
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोगों ने जब फ्रिज खोला तो फ्रीजर में जमी बर्फ के बीच एक ऐसी आकृति दिखाई दी, जो देखने में शिवलिंग जैसी प्रतीत हो रही थी। इसकी जानकारी पड़ोसियों और परिचितों तक पहुंची तो लोगों का आना-जाना शुरू हो गया। देखते ही देखते घर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने हाथ जोड़कर भगवान शिव का स्मरण किया, तो कुछ ने फूल, जल और बेलपत्र चढ़ाकर पूजा की। श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्होंने ऐसी आकृति पहले कभी नहीं देखी। जैसे-जैसे लोगों की संख्या बढ़ती गई, माहौल पूरी तरह धार्मिक हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के भजन गाए और 'हर-हर महादेव' तथा 'बोल बम' के जयकारे लगाए। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से देर शाम तक लोग दर्शन के लिए पहुंचते रहे। कुछ श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचे, जबकि कई लोगों ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिलने पर वहां पहुंचकर दर्शन किए।
आगरा में एक घर में फ्रिज के अंदर "शिवलिंग" जैसी आकृति बन गई है। लोग इसे अमरनाथ के पवित्र हिमलिंग जैसी आकृति से जोड़ रहे हैं। पूजा–पाठ शुरू हो गई है। चढ़ावा आना शुरू हो गया है। pic.twitter.com/EMoLKFCrxG
— Live Dainik (@Live_Dainik) July 13, 2026
सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस
घटना के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई है। एक वर्ग इसे भगवान शिव का चमत्कार बता रहा है, जबकि दूसरा वर्ग इसे केवल बर्फ के प्राकृतिक जमाव का परिणाम मान रहा है। कई यूजर्स का कहना है कि लोगों की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए, वहीं कुछ लोगों का मत है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी इसे समझना जरूरी है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग यह भी लिख रहे हैं कि यदि यह केवल बर्फ से बनी आकृति है, तो फ्रिज की बिजली कुछ समय के लिए बंद करने पर उसके पिघलने की प्रक्रिया से स्थिति स्पष्ट हो सकती है।


