लोहरदगा: लोहरदगा जिला प्रशासन के सतत प्रयासों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सदर अस्पताल, लोहरदगा स्थित ब्लड सेंटर को भारत सरकार द्वारा ब्लड कलेक्शन, स्टोरेज, प्रोसेसिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन का लाइसेंस प्रदान किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार के सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (CDSCO) द्वारा आधिकारिक सूचना जारी की गई है।
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ब्लड सेंटर को लाइसेंस मिलने से अब जिले में रक्त संबंधी सेवाएं और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में सुविधा होगी तथा रक्त संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण एवं वितरण की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जा सकेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य लोहरदगा को “रक्त-युक्त जिला” एवं “स्वास्थ्य-सुरक्षित जिला” बनाना है। ब्लड सेंटर को लाइसेंस मिलना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, ब्लड सेंटर की टीम तथा इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी।
रक्तदान की अपील
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में भाग लेने का आग्रह किया, ताकि जिले में रक्त की उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित की जा सके।


