रांचीः झारखंड में एक्सपायर्ड हो चुकी लगभग 1500 पेटी बीयर को नष्ट करने के बदले बचेने के लिए दुकान में पहुंचा दिया गया। यह मामला उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद के जिले बोकारो में सामने आया है। जिले में लगभग 1500 पेटी बीयर नष्ट करने का परमिट लिया गया था। इनमें से 1100 बड़ी बोतल और 400 पेटी छोटी बोतल केन की थी। बड़ी बोतल की एक पेटी में 12 व केन वाली बोतल में 24 पीस बीयर रहती है। दोनों तरह से बीयर की सभी बोतलों की कीमत लगभग 37 लाख रुपये है।
अब मामले की उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने जांच के लिए टीम को बोकारो भेजा थाख् जो मंत्री को जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौपेंगी। इधर, मामला संज्ञान में आने पर विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भी जानकारी मांगी है। इसके साथ ही जिले के सहायक उत्पाद आयुक्त और सभी संबंधित पदाधिकारियों सहित मुख्यालय से जेएसबीसीएल पदाधिकारी को बुलाया गया है। जिला स्तर के पदाधिकारी को एक्सपायर्ड बीयर नष्ट करने की पूरी प्रक्रिया और कागजात के साथ बुलाया गया है। बीयर नष्ट करने के लिए क्या प्रक्रिया अपनायी गयी, कहां और कब नष्ट किया गया, इसका पूरा वीडियो फुटेज व अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए कहा गया है।
ऐसे सामने आया मामलाः बोकारो में पिछले दिनों एक दुकान में एक्सपायर्ड बीयर बेचने का मामला सामने आया। एक्सपायर्ड बीयर देने का दुकानदार ने भी विरोध दर्ज कराया था। इसकी जानकारी विभागीय मंत्री को भी मिली। इसके बाद विभाग की ओर से इसकी पूरी जानकारी ली गयी। इस बात की संभावना भी जतायी जा रही है कि जितने बीयर की पेटी नष्ट करने का परमिट लिया गया, उसमें से शत-प्रतिशत बीयर नष्ट नहीं किया गया। राज्य में खुदरा शराब की बिक्री निजी दुकान संचालकों द्वारा की जाती है, जबकि थोक शराब का कारोबार जेएसबीसीएन की देखरेख में होता है। दुकानों को शराब की आपूर्ति जेएसबीसीएल द्वारा की जाती है।
जिस प्रतिनिधि का नंबर दिया, वह कंपनी में काम ही नहीं करता
बीयर नष्ट करने के दौरान कंपनी के जिस प्रतिनिधि का नाम और मोबाइल नंबर दिया गया था, उसने संपर्क करने पर बताया कि वह उसे कंपनी में काम ही नहीं करता है। वह गुजरात में रहता था। वहीं दूसरे प्रतिनिधि का कहना था कि वह कंपनी काफी पहले छोड़ चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सही में बीयर नष्ट किया गया।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने क्या कहा– इस मामले पर विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि बोकारो में एक्सपायर्ड बीयर बेचने के मामले की जानकारी मिली है, इसकी प्रारंभिक स्तर पर जांच की गयी है। जेएसबीसीएल के साथ-साथ जिले के संबंधित उत्पाद अधिकारी को पूरी जानकारी के साथ बुलाया गया है, इस मामले में जांच के बाद दोषी लोगों पर कार्रवाई होगी।


