रांचीः कांके थाना क्षेत्र के रहने वाले कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह को दो करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने, परिवार पर हमला करने, पेट्रोल पंप और संपत्ति पर बमबारी व गोलीबारी कराने तथा बेटे की हत्या करने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में कांके थाना में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
अंतरराष्ट्रीय नंबर से आया कॉल
कांके ब्लॉक चौक, कुमार बाग रोड निवासी आशुतोष कुमार सिंह (59 वर्ष) ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि 3 जुलाई की रात 9 बजकर 6 मिनट पर उनके मोबाइल नंबर पर अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने 10 दिनों के भीतर दो करोड़ रुपये देने की मांग की और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने उक्त नंबर को ब्लॉक कर दिया। आवेदन के अनुसार, 5 जुलाई को सुबह 10 बजकर 41 मिनट और 10 बजकर 42 मिनट पर फिर उसी प्रकार कॉल आया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप पर अंतरराष्ट्रीय नंबर से एक धमकी भरा संदेश भेजा गया।
एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये की मांग
शिकायत के मुताबिक, व्हाट्सएप संदेश में लिखा गया कि यदि वह रांची में अपना पेट्रोल पंप और जमीन का कारोबार सुरक्षित रखना चाहते हैं तो उन्हें एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये देने होंगे। ऐसा नहीं करने पर उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को उनके खून से लाल कर देने, पेट्रोल पंप, घर और नए मॉल पर बमबारी तथा गोलीबारी कराने की धमकी दी गई। संदेश में यह भी दावा किया गया कि धमकी देने वालों के पास उनके पूरे परिवार की जानकारी है। इसमें उनके कांके ब्लॉक रोड स्थित घर, पेट्रोल पंप और नए मॉल का भी उल्लेख किया गया।
बेटे की हत्या करने की धमकी
इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि उन्होंने पहले की तरह इस संदेश को नजरअंदाज किया तो उनका बेटा, जो रिम्स में है, उसकी हत्या कर दी जाएगी और उन्हें वहीं उसका पोस्टमार्टम कराना पड़ेगा। यह भी लिखा गया कि उनके और उनके परिवार के आसपास गिरोह के लोग मौजूद हैं तथा जल्द पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार की अर्थी उठाने की व्यवस्था कर दी जाएगी।
राहुल दुबे गैंग का नाम
आवेदन के अनुसार, धमकी भरे संदेश के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला तथा राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ था। शिकायतकर्ता ने व्हाट्सएप संदेश की प्रति भी आवेदन के साथ संलग्न करने की जानकारी दी है।आशुतोष कुमार सिंह ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि लगभग एक माह पहले उनके भतीजे ने उनके घर पर कब्जा कर रखा है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब भी वह अपने घर को खाली करने के लिए कहते हैं, तब उन्हें इसी प्रकार से धमकी भरे संदेश मिलते हैं। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर लीजिए मामले की जांच की जा रही है जल्दी पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी।


