रांची : संसद के आगामी मानसून सत्र को लेकर लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद का सत्र लंबा हो या छोटा, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि उसमें जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और सार्थक चर्चा हो तथा सकारात्मक परिणाम सामने आएं। सांसद ने कहा कि पिछले कई सत्रों में सरकार ने विपक्ष के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जवाबदेही से बचती रही है, जिससे संसद की कार्यवाही का उद्देश्य प्रभावित होता है। उनका कहना था कि सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों पर ठोस निर्णय और समाधान निकलना चाहिए।
इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी कांग्रेस
सुखदेव भगत ने बताया कि कांग्रेस मानसून सत्र में नीट पेपर लीक, राम जन्मभूमि से जुड़े कथित चोरी के मामले, इथेनॉल नीति, बढ़ती महंगाई तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि महंगाई आज भी आम लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है।
संसद में जनता की आवाज बुलंद होगी
सांसद ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर 23 से अधिक राजनीतिक दलों के नेताओं ने भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। देश की जनता चाहती है कि संसद में उनकी समस्याओं पर गंभीर चर्चा हो और उसके ठोस परिणाम भी सामने आएं, न कि केवल हंगामा हो।


