डेस्कः बिहार के भोजपुर जिले में रविवार को एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में झारखंड के देवघर जिले के रहने वाले पति-पत्नी और देवर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में झारखंड के देवघर निवासी इंजीनियर प्रकाश कुमार सिंह (32), उनकी पत्नी पल्लवी कुमारी (27) और सारण जिले के सौरव कुमार (26) शामिल हैं। वहीं सौरव कुमार का छोटा भाई कुमार गौरव (24) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

घूमकर लौट रहे थे, रास्ते में काल बन गया हादसा
जानकारी के अनुसार प्रकाश कुमार सिंह अपनी पत्नी, रिश्तेदारों के साथ करीब 15 दिनों से घूमने निकले थे। इस दौरान वे नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर, नोएडा, कुल्लू-मनाली और लद्दाख की यात्रा कर वापस झारखंड लौट रहे थे। इसी दौरान बिहिया के अमराई नवादा के पास उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई, जिससे यह भीषण हादसा हो गया।बताया जाता है कि प्रकाश कुमार सिंह की शादी इसी वर्ष 14 फरवरी को हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था। परिवार उनके लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन अचानक आई इस दर्दनाक खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ओवरस्पीड और नींद की आशंका: प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। DSP ट्रैफिक पंकज सुधांशु के अनुसार चालक को नींद आने के कारण गाड़ी संतुलन खो बैठी और सीधे ट्रेलर में जा घुसी। हादसा नोएडा की ओर से आते समय हुआ। पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
गौरतलब है कि इसी आरा-बक्सर फोरलेन पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। बीते 22 अगस्त 2024 को गजराजगंज ओपी क्षेत्र में एक कार के डिवाइडर से टकराने पर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस तरह की घटनाएं लगातार सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।लगातार हो रहे सड़क हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि हाईवे पर सुरक्षा मानकों और सतर्कता की बेहद जरूरत है।एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

