डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई है। आस्ट्रेलिया दौरे से पहले धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मेलबर्न में आयोजित होने वाले ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी के बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने जांच शुरू कर दी है।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी फेसबुक पर उस पोस्ट के नीचे दी गई थी, जिसमें मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित होने वाले कम्युनिटी प्रोग्राम का प्रचार किया जा रहा था। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है।रिपोर्ट के मुताबिक, ‘अबू मुस्तफा’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट से टिप्पणी की गई, जिसमें लिखा था, “बेहतर होगा कि कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रहे, वरना वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आ रहे हैं।” इस पोस्ट के सामने आने के तुरंत बाद मामले को ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस के पास भेज दिया गया।
क्या दी गई धमकी
‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ ने रिपोर्ट किया है कि “ابو مصطفى” (अबू मुस्तफा) नाम के अकाउंट से पोस्ट की गई टिप्पणी में कहा गया था, “इवेंट के दौरान स्टेडियम की छत बंद कर दी जाए, वरना वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आ रहे होंगे।” इस मामले की सूचना उसी दिन ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस को दे दी गई थी। इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने ‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ को बताया कि जांच के दौरान अधिकारियों ने उस पोस्ट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है। अधिकारी इस मैसेज से जुड़ी परिस्थितियों और इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या कोई अपराध हुआ है या इसकी योजना है।
जांच एजेंसी ने IP एड्रेस की कर ली पहचान
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों ने इस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े IP एड्रेस की पहचान कर ली है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह टिप्पणी किसने की और इसके पीछे क्या मंशा थी। साथ ही अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस मामले में किसी आपराधिक कानून का उल्लंघन हुआ है।हालांकि ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस ने अभी तक जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन स्थानीय मीडिया का कहना है कि किसी भी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को दी गई धमकी को ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से लेती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कई एजेंसियों के पास होगी। इसमें ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस और विशेष सुरक्षा इकाइयां शामिल रहेंगी। सभी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जा रही है।प्रधानमंत्री मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान द्विपक्षीय वार्ताओं में हिस्सा लेने के साथ-साथ भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। ऐसे में मेलबर्न का यह कार्यक्रम काफी अहम माना जा रहा है।ऑनलाइन धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्क हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।


