गैंगस्टर प्रिंस खान ने मुझे भी दी कई बार धमकी, धनबाद सांसद ढुलू महतो ने किया दावा

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 4, 2026

गैंगस्टर प्रिंस खान ने मुझे भी दी कई बार धमकी, धनबाद सांसद ढुलू महतो ने किया दावा

धनबादः निरसा फ्लाइओवर को लेकर क्रेडिट लेने की लगी होड़ के बीच धनबाद सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच जारी जुबानी जंग में प्रिंस खान की एंट्री हो गई है। शुक्रवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा रंगदारी और धमकी दिये जाने का दावा किया और ढुलू महतो और गैंगस्टर के बीच संबंध की जांच कराने की मांग की। इसी बीच शनिवार को अरूप चटर्जी के बाद ढुलू महतो ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर प्रिंस खान द्वारा धमकी दिये जाने का दावा किया।
ढुलू महतो ने कहा कि उन्हें भी कई बार प्रिंस खान से धमकी मिल चुकी है। एक जुलाई को जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में उन्होंने धनबाद SSP व केंद्रीय गृह मंत्री को लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। ढुल्लू महतो शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
सांसद ने बताया कि दिल्ली जाने के दौरान भी उन्हें फोन पर धमकी मिली थी। शुक्रवार शाम को भी एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। इस पूरे मामले की जानकारी पहले ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है।ढुल्लू महतो ने कहा कि वह स्वयं चाहते हैं कि गैंगस्टर प्रिंस खान को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
उन्होंने कहा कि जब सांसद और विधायक सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें धमकियां मिल रही हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। राज्य सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। यदि राज्य सरकार प्रभावी कदम उठाएगी तो केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग करेगी और अपराधी को देश के किसी भी कोने से पकड़कर लाया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके नाम पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि धनबाद को अपराधमुक्त बनाने के लिए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर ठोस कार्रवाई की मांग की है।धनबाद में विकास कार्य किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिए जाएंगे। किसी को भी विकास में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि राजनीति करने की बजाय एयरपोर्ट, पुल-पुलिया और फ्लाईओवर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा होनी चाहिए। गया पुल, गोविंदपुर व निरसा फ्लाईओवर परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग इन योजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं वे पहले अपना वास्तविक योगदान भी जनता को बताएं।

See also  बर्थ डे पार्टी नशे वाला पिज्जा खिलाकर मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी दानिश को किया गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now