लोहरदगा: झारखंड ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में तथा लोहरदगा जिला ताइक्वांडो संघ के आयोजन में 26वीं झारखंड राज्य जूनियर एवं सब-जूनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को होटल अमृत पैलेस, रेलवे साइडिंग, लोहरदगा में हुआ। तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 700 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, टीम मैनेजर एवं रेफरी भाग ले रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त लोहरदगा संदीप कुमार मीणा (भा.प्र.से.) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं आत्मविश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोहरदगा में भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की।

उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने “वंदे मातरम्” गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड ताइक्वांडो संघ के सह महासचिव एवं अधिवक्ता संजय कुमार शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल कुमार, कार्यकारी चेयरमैन मिथिलेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अशोक कुमार, लोहरदगा जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष राजेश महतो, आयोजन समिति के सचिव अजय महतो, कार्यकारी अध्यक्ष पारस कुमार साहू, कोषाध्यक्ष अभय महतो सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत ताइक्वांडो डेमोंस्ट्रेशन का अवलोकन किया तथा खेल की तकनीकी बारीकियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रतियोगिता में कार्यरत निर्णायकों एवं रेफरियों से परिचय प्राप्त कर उनके योगदान की सराहना की।

झारखंड ताइक्वांडो संघ एवं लोहरदगा जिला ताइक्वांडो संघ ने राज्य के खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।












