रांचीः राजधानी में बाइकर्स गिरोह ने एक बार पुलिस को चुनौती दी है। इस बार मामला थोड़ा गंभीर है, क्योंकि स्नैचर्स ने रांची के बरियातू थाना से महज कुछ ही दूरी पर एक महिला के गले से सोने की चेन झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना शुक्रवार सुबह बरियातू थाना क्षेत्र स्थित अर्पण विला, विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के समीप की है।
![]()
दिनदहाड़े महिला से चेन छीनकर फरार
बताया गया कि अर्पण विला, विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के पास सब्जी खरीदकर लौट रही एक महिला को दो बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाया। हेलमेट पहने दोनों बदमाश अपाचे बाइक पर सवार थे। उन्होंने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
थाने के पास वारदात से दहशत
घटना बरियातू थाना के समीप होने के कारण इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना के आसपास ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सीसीटीवी से जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से खासकर महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


