पटनाः गयाजी जिले के बांकेबाजार इलाके में कई लड़कियों का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने वाले मो. रेहान को SIT ने पटना से धर दबोचा है। पुलिस पिछले कई दिनों से रेहान की तलाश में छापेमाारी कर रही थी। जानकारी के अनुसार, रेहान दिल्ली भागने की तैयारी कर रहा था।
दिल्ली से पटना भागकर आया आरोपी
थानाध्यक्ष के अनुसार तकनीकी जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन दिल्ली मिली थी।इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर शेरघाटी डीएसपी संदीप कुमार के नेतृत्व में 4 सदस्यीय SIT का गठन किया गया। टीम दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी थी, लेकिन पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी दिल्ली से पटना की ओर भाग निकला। तकनीकी निगरानी के आधार पर SIT ने उसे पटना में गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बंद था बाजार
आरोपी की गिरफ्तारी से पहले स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया था। इसी के चलते बांकेबाजार में गुरुवार को बाजार बंद रखा गया। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला?
मामला बांकेबाजार थाना क्षेत्र का है, जहां सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ था। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मोहम्मद रेहान के खिलाफ POCSO Act और SC/ST Act समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। रेहान अंसारी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो, आईटी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
नाबालिग पीड़िता का बयान भी हुआ था दर्ज
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग पीड़िता का न्यायालय में बयान भी दर्ज कराया था।साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने कथित घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए थे और वायरल वीडियो की डिजिटल जांच भी शुरू की गई थी।
वीडियो वायरल करने वाले की भी जांच जारी
पुलिस केवल मुख्य आरोपी की भूमिका ही नहीं, बल्कि वीडियो सोशल मीडिया पर किसने वायरल किया, इसकी भी जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


