लोहरदगा : शहरी क्षेत्र के थाना टोली स्थित साहू भवन में प्रख्यात समाजसेवी एवं जनसेवा के प्रति समर्पित राय साहब बलदेव साहू की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पुरोहित गोपाल शरण मिश्र ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन अनुष्ठान कराया। जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने भाग लिया। मौके पर डीपी साहू ने राय साहब बलदेव साहू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, आलोक राय, कैलाश केशरी, हिमांशु केशरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राय साहब बलदेव साहू को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
श्रद्धांजलि कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राय साहब बलदेव साहू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा, शिक्षा, जनकल्याण और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित कर दिया। उनके कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।

सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाना होगा’
पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि राय साहब बलदेव साहू का जीवन समाजसेवा, सादगी और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श और सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज को उनके बताए रास्ते पर चलते हुए आपसी भाईचारा, सहयोग और जनसेवा की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व की पुण्यतिथि केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं होती, बल्कि उनके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का भी अवसर होती है। यदि समाज उनके विचारों को आत्मसात करे तो सामाजिक समरसता और विकास को नई दिशा मिलेगी।

संस्मरण साझा कर लिया समाजसेवा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राय साहब बलदेव साहू के जीवन से जुड़े कई प्रेरणादायी प्रसंग साझा किए और उनके सामाजिक योगदान को याद किया। उपस्थित लोगों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। श्रद्धांजलि सभा का वातावरण श्रद्धा, सम्मान और आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।





