रांची: जिले के अनगड़ा प्रखंड के चन्द्रटोली गांव में सोमवार को एक दुखद घटना में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान विनोद मुंडा और सुखराम मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि खेत में काम करने के बाद छोटा भाई विनोद मुंडा सिंचाई कूप से पानी निकालने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 30 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। कुएं में 25 फीट से अधिक पानी भरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई सुखराम मुंडा ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन गहराई और पानी अधिक होने के कारण वह भी बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते दोनों भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। अनगड़ा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस सिंचाई कूप में हादसा हुआ, उसका निर्माण मनरेगा योजना के तहत दोनों भाइयों के पिता ने कराया था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि परिवार की आजीविका के लिए बना यही कुआं एक दिन उनके दो जवान बेटों की जान ले लेगा। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


