चाईबासाः जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो मारिया साई गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। शराबी भैसुर रमाय बिरूवा ने कुल्हाड़ी से छोटे भाई की गर्भवती पत्नी नानिका बिरूवा और आठ साल की भतीजी शर्मीला बिरूवा की निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे चाचा ससुर कांडे बिरूवा को भी घायल कर दिया।
बताया गया कि आरोपी रमाय बिरूवा उर्फ लुगुन रोजाना शराब पीकर घर आता था और परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज व झगड़ा करता था।शनिवार को भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और विवाद के दौरान पास में रखी कुल्हाड़ी से पहले अपनी गर्भवती बहू नानिका बिरूवा पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपनी 10 वर्षीय भतीजी शर्मिला बिरूवा पर भी ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।घटना के समय नानिका के पति दखल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गए थे। सूचना मिलने पर घर लौटे तो पत्नी और बेटी के शव खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। दखल सिंह बिरूवा ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई रमाय बिरूवा रोज शराब पीकर घर में उत्पात मचाता था और परिवार के लोगों को प्रताड़ित करता था।
मंझारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित पति दोकोल सिंह और उसके तीन छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
नि:संतान होने का गुस्सा और पारिवारिक कलह बनी वजह
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, आरोपी रमाये बिरूवा की शादी को करीब पांच साल बीत जाने के बाद भी संतानहीन है। इसी बात को लेकर वह अक्सर हीनभावना और अंधविश्वास का शिकार रहता था। नशे की हालत में वह आए दिन अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसकी पत्नी अक्सर जान बचाने के लिए भाग जाती थी। छोटे भाई का परिवार उसे आश्रय देता था। इस वजह से आरोपी हमेशा अपने भाई खफा रहता था। शनिवार को इसी खुन्नस और डायन के अंधविश्वास में आकर उसने इस खौफनाक दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे डाला। वारदात के बाद आरोपी भाई जंगल की तरफ फरार हो गया था, लेकिन रविवार सुबह करीब तीन बजे जैसे ही वह वापस अपने घर लौटा, पहले से घात लगाए बैठी पुलिस ने उसे धर दबोचा।


