गिरिडीहः झारखंड में इन दिनों अपनी डिमांड मनवाने के लिए मोबाइल और बिजली टॉवर पर चढ़ने की सनक बढ़ गई है। ताजा मामला गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित प्रतापपुर गांव से सामने आई है जहां गुरुवार की देर शाम एक युवक ने शराब न मिलने से नाराज होकर अपनी जान जोखिम डाल ली।दरअसल हुआ यूं कि युवक सीधे 33 हजार केवीए (33,000 KV) हाई वोल्टेज बिजली टावर पर जा चढ़ा। युवक को इतनी ऊंचाई पर खड़ा देख स्थानीय लोगों की सांसें अटक गईं और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजनों ने शराब के लिए पैसे देने से किया था मना
जानकारी के अनुसार, हाई वोल्टेज ड्रामा करने वाले युवक की पहचान प्रतापपुर निवासी पंकज मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि पंकज शराब पीने का बेहद आदी है। वह आए दिन शराब के नशे में डूबा रहता है और घर वालों से शराब के लिए पैसों की जिद करता है। गुरुवार की शाम को भी उसने शराब के लिए पैसे मांगे थे। लेकिन उसकी बिगड़ती आदत को देखते हुए परिजनों ने इस बार सख्त रुख अपनाया और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात से तिलमिलाकर वह गुस्से में घर के पास से गुजर रहे बिजली के टावर पर चढ़ गया।
पचंबा थाना प्रभारी पहुंचे, टला बड़ा हादसा
युवक को टावर पर चढ़ा देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पचंबा थाना पुलिस को दी। इसके बाद पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और युवक को समझाना बुझाना शुरू किया। काफी देर तक चले ड्रामे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ और उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस की कड़ी फटकार, परिजनों को सुपुर्द
युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पचंबा थाना पुलिस ने उसे इस जानलेवा हरकत के लिए कड़ी फटकार लगाई। पुलिस ने परिजनों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी आत्मघाती घटना दोबारा न हो, इसके लिए युवक की काउंसिलिंग करें और उसे समझाकर रखें। फिलहाल युवक को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया है।



