जामताड़ा:आभूषण कारोबारी से हुई 22 लाख रुपये की लूटकांड में पुलिस ने शातिर अपराधी फिरोज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए चांदी के गहने और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र स्थित तुलसीडाबर गांव निवासी फिरोज अंसारी ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर आभूषण कारोबारी से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी लूटने की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
एसडीपीओ ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि फिरोज लूटे गए गहनों को बेचने के लिए बाइक से दुमका जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार, कारतूस और लूट के गहने बरामद हुए।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक फिरोज कोई साधारण अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ जामताड़ा, देवघर और दुमका जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, अपहरण और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के कुल 18 मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान उसने कई आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि फिरोज और उसके गिरोह पर फतेहपुर क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मी की गोली मारकर हत्या करने तथा लूटपाट की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि कुछ महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था, लेकिन रिहाई के बाद फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं उसकी आपराधिक गतिविधियों और लंबे आपराधिक इतिहास को देखते हुए प्रशासन उसके खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) के तहत कार्रवाई करने पर भी विचार कर रहा है। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है।




