रांचीः कारोबारियों और पुलिस के लिए सिरदर्द बने गैंगस्टर प्रिंस खान ने एक बार फिर से रांची के कारोबारी से रंगदारी मांगी है। होटल कैपिटॉल हिल और जलजोगा के मालिकों से रंगदारी मांगने के बाद अब प्रिंस खान ने मेन रोड़ स्थित पाल बिदर्स ज्वेलर्स के संचालक सुमन पाल से रंगदारी मांगी है। हरिओम टावर रेसिडेंसी के रहने वाले सुमन पाल ने इसको लेकर लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रात में आया धमकी भरा कॉल और मैसेज
व्यवसायी सुमन पाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 4 जून की रात करीब 9:50 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर (+971545920432) से कॉल और मैसेज आया। मैसेज में साफ तौर पर लिखा गया था कि यदि 5 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। साथ ही अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी भी दी गई।
फोन करने वाले ने खुद को बताया प्रिंस खान
पीड़ित के अनुसार, फोन करने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान दुबई में बैठे अपराधी प्रिंस खान के रूप में दी। सुमन पाल का मेन रोड स्थित विष्णु गली के पास पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स नाम से बड़ा प्रतिष्ठान है। धमकी मिलने के बाद से न सिर्फ व्यवसायी, बल्कि उनके परिवार के सभी सदस्य भी अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


