रांचीः राजधानी रांची के मौलाना आजाद कॉलोनी में गुरुवार देर रात दो गुटों के बीच मारपीट हुई। इस मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात 11 बजे रोड़ पर ओवरटेक करने के दौरान दो गुटों में बहस हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और एक दूसरे पर हमला करने लगे. बताया जाता है कि सुलेमान, शोएब और अख्तर के साथ मारपीट हुई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात लोअर बाजार थाना, सदर थाना, डोरंडा थाना प्रभारी और डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। इन अधिकारियों के पहुंचने के बाद मामला ठंडा हुआ और सभी लोग अपने-अपने घर गए। गंभीर हालत में एक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले को लेकर लोअर बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि सिर्फ आपसी विवाद हुई और उसके बाद मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान काफी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और एक दूसरे पर हमलावर हो गए फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ की है।


