डेस्कः बिहार के किशनगंज में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में मोस्ट वांटेड अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। नगर थाना क्षेत्र के फरिंगगोला रेलवे गुमटी के पास हुई इस कार्रवाई में दो पुलिस पदाधिकारी भी घायल हो गए है। फायरिंग में सब इंस्पेक्टर नीतीश कुमार व इंस्पेक्टर मुश्ताक भी गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की जानकारी ली।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई: जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में इलाके में जमा हुए हैं। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैक करने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।लेकिन पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे और इसी दौरान पवन कुमार उर्फ चिंटू ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
दोनों तरफ से फायरिंग: देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दोनों तरफ से जवाबी कार्रवाई शुरू हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस ने धर दबोचा। वहीं इसके बाद घायल आरोपी और पुलिस अधिकारियों को तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया।
एसपी का बड़ा बयान: घटना को लेकर SP संतोष कुमार ने बताया कि पवन कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। कुछ दिन पहले उसकी तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।एनकाउंटर के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
अपराध गिरोह का सरगना: बताया जा रहा है कि घायल अपराधी कटिहार का निवासी है।पवन कुमार उर्फ चिंटू के खिलाफ बिहार के विभिन्न जिलों में दर्जनों अपराधी कांड दर्ज हैं।पवन अपराध गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, और वह किशनगंज में किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए अपने साथियों के साथ पहुंचा था।


