खूंटीः रविवार देर रात तोरपा थाना क्षेत्र के सोंदारी पाकर टोली में निर्माणाधीन पुल साइट पर अपराधियों ने फायरिंग की। बाइक सवार तीन अपराधियों ने वहां मौजूद मजदूरों के साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। इसके बाद मजदूरों ने सूझबूझ के साथ एकजुटता दिखाई और अपराधियों को वहां से खदेड़ दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात अपराधियों ने निर्माण स्थल पर फायरिंग की है। पुलिस मौके से अपराधियों द्वारा छोड़ी गई अपाचे बाइक बरामद कर चुकी है और आरोपियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने पीएलएफआई कनेक्शन से भी इनकार नहीं किया है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बन रहे पुल निर्माण स्थल पर एक अपाचे बाइक से पहुंचे तीन अपराधियों ने मजदूरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब एक दर्जन मजदूरों के मोबाइल फोन लूट लिए और दहशत फैलाने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
मजदूरों की एकजुटता का दिखा असर
हालांकि अपराधियों के हमले के बावजूद मजदूरों ने साहस का परिचय दिया। सभी मजदूर एकजुट होकर लाठी-डंडा लेकर अपराधियों के पीछे दौड़ पड़े। मजदूरों का विरोध देख बदमाश घबरा गए और अपनी अपाचे बाइक मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। मजदूरों की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई और निर्माण कार्य भी बाधित होने से बच गया।
पुलिस चला रही छापेमारी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बरामद बाइक के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।बता दें कि सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक बन रहा यह पुल करीब चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

