गढ़वा: जिले में देर रात्रि मंडल कारा में प्रशासन द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई गढ़वा डीसी अनन्य मित्तल के निर्देश पर की गई। छापेमारी का नेतृत्व एसडीएम संजय पाण्डेय एवं एसडीपीओ नीरज कुमार ने किया।अभियान के दौरान लगभग चार दर्जन जवानों और पुलिस पदाधिकारियों ने जेल परिसर के सभी बैरकों की गहन तलाशी ली। इस दौरान कैदियों से पूछताछ भी की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान किसी भी बैरक से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
सभी वार्डों और सेल की हुई जांच
इस औचक कार्रवाई से जेल प्रशासन और कैदियों के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि, गहन तलाशी अभियान के बाद भी जेल के अंदर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ अचानक मंडल जेल पहुंची। टीम ने जेल के सभी वार्डों, सेल, अस्पताल, रसोई घर और परिसर के कोने-कोने की सघन तलाशी ली।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के उद्देश्य से कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली. जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह छापेमारी की गई थी। इस अभियान में एसडीएम और एसडीपीओ के अलावा अलग-अलग थानों के थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) और भारी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल के जवान शामिल थे।
मोबाइल, नशीले पदार्थ या हथियार नहीं मिले
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि यह एक रुटीन जांच थी, जिसका उद्देश्य जेल के अंदर कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखना था। जांच के दौरान जेल के अंदर पूरी तरह शांति पाई गई और कोई भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान (जैसे मोबाइल, नशीले पदार्थ या हथियार) नहीं मिला।जेल प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने और कड़ी निगरानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।


