पटनाः राजधानी पटना में जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह को निगरानी विभाग की टीम ने एक लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद से जुड़े मामले के निपटारे के लिए पीड़ित कौशल से घूस मांगी गई थी।पीड़ित कौशल ने बताया कि जमीन विवाद के समाधान के लिए उनसे पहले 5 लाख रुपए की मांग की गई थी। बाद में बातचीत के बाद 2 लाख रुपए में मामला तय हुआ। उन्होंने पहले ही SVU में संजय सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।SHO संजय सिंह बुधवार को गाजाचक मोहम्मदपुर पंचायत के कोरियावां प्लॉट पर सर्वे के लिए पहुंचे थे। जैसे ही संजय ने एक लाख रुपए लिए, निगरानी टीम ने उन्हें पकड़ लिया।आरोप है कि पकड़े जाने के बाद उन्होंने अपनी पिस्टल कॉक कर दी, लेकिन निगरानी विभाग के ASI रवि कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए उनका हाथ पकड़ लिया। इस दौरान रवि कुमार के हाथ में चोट भी आई।
जमीन पर खूंटा गड़वाने पहुंचे थे SHO
DSP अरुणोदय पांडे ने बताया कि दो दिन पहले इस मामले में शिकायत मिली थी। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद धावा दल का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि जमीन पर खूंटा गड़वाने के लिए SHO पहुंचे थे और इसी काम के बदले पीड़ित से रुपए ले रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जानीपुर इलाके में भूमाफियाओं का गैंग एक्टिव
पीड़ित कौशल किशोर ने आरोप लगाया है कि जानीपुर इलाके में भूमाफियाओं का एक गैंग सक्रिय है। उनका कहना है कि यह गिरोह DSP, जानीपुर थाने के पुलिसकर्मियों और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर जमीन पर अवैध कब्जे को बढ़ावा देता है।उन्होंने आरोप लगाया कि जब जमीन विवाद का मामला थाने तक पहुंचता है, तब भी पीड़ित पक्ष से उगाही की जाती है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।


