सारण: छपरा–सिवान मुख्य मार्ग स्थित NH-531 पर शुक्रवार की सुबह बनवार फ्लाईओवर ब्रिज के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। मृतकों के नाम व पता की जानकारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस पता लगाने में जुटी हुई है।
ट्रक और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के प्रभाव से पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मौके पर ही दो पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। वहीं नौ अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कई घायलों की स्थिति नाजुक बताई है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी जानकारी मिली है।
NH-531 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप में सवार सभी लोग सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र से जुड़े एक आर्केस्ट्रा दल के सदस्य थे। वे किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।दुर्घटना के बाद NH-531 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर खून के धब्बे और वाहनों के टूटे हिस्से बिखरे पड़े थे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


