डेस्कः बिहार के गोपालगंज में शौच के लिए घर से बाहर निकली ननद और भाभी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उनके बयान पर केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। एसपी विनय तिवारी के आदेश पर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कांड के चार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है
गोपालगंज में ननद-भाभी से सामूहिक दुष्कर्म : यह पूरा मामला जादोपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। आरोप है कि छह युवकों ने मिलकर दो महिलाओं के साथ गैंगरेप किया, जो रिश्ते में ननद और भाभी हैं। बताया गया कि 22 अप्रैल को रात्रि में ये दोनों घर से शौच के लिए बाहर निकली थीं।
छह लोगों पर दुष्कर्म का आरोप : शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान छह युवकों ने दोनों का अपहरण कर लिया और फिर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। सामूहिक दुष्कर्म की घटना के किसी तरह दोनों पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया। पीड़ित ननद नाबालिग है।
जादोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सामूहिक दुष्कर्म मामले में त्वरित कार्रवाई, 02 अभियुक्त गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी@bihar_police@BiharHomeDept@IPRDBihar@DigSaran@Dist_Gopalganj#haintaiyaarhum #biharpolice #bihar #gopalganjpolice pic.twitter.com/5h2I3ZbaaJ
— Gopalganj Police (@GopalganjPolice) April 26, 2026
2 गिरफ्तार, बाकि की तलाश में छापेमारी : घटना के बाद पीड़ितों ने 25 अप्रैल को स्थानीय थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अभी भी इस मामले में चार अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
25 अप्रैल को थाने में लिखित शिकायत : जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि, पीड़िता के आवेदन के आधार पर जादोपुर 25 अप्रैल को सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 व थाना जादोपुर द्वारा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया।
छापेमारी लगातार जारी : गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी नीतीश कुमार और अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पतहरा गांव के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है।



