खूंटीः मुरहू थाना क्षेत्र को छात्र का अपराधियों ने अपहरण कर लिया। छात्र ने साहस का परिचय दिखाया और अपहरणकर्ताओं के चंगूल से भागने में सफल रहा। जंगल और सड़क में करीब 10 किलोमीटर तक दौड़ते हुए वो सुरक्षित अपने घर पहुंचा और पूरी घटना परिवार के लोगों को बताई। घटना गोड़ाटोली पंचायत के एक गांव की है।
धनबाद में कोयला तस्करों ने CISF जवानों पर किया हमला, दो जवान घायल
मिली जानकारी के अनुसार, पेलौल स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाला छात्र परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। रास्ते में पेन भूल जाने पर उसके पिता ने उसे 50 रुपये देकर दुकान भेजा। दुकान के पास खड़ी एक बोलेरो गाड़ी में सवार लोगों ने दुकानदार से कस्तूरी मांगी और छात्र को गाड़ी के पास भेजने को कहा। जैसे ही छात्र ने कस्तूरी दी, चार लोगों ने उसे जबरन बोलेरो में बैठा लिया और फरार हो गए। अपहरणकर्ता छात्र को पेलौल, आम्रेश्वरधाम होते हुए डोड़मा और फिर सरितकेल की ओर ले गए।
पत्नी की हत्या के लिए जज ने दी थी सुपारी, 2 लाख में हायर हुए थे शूटर, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
इसी दौरान रास्ते में गाड़ी रुकने पर छात्र ने साहस दिखाते हुए अपहरणकर्ताओं को धक्का दिया और खेतों के रास्ते भाग निकला। अपहरणकर्ता उसका पीछा करते रहे, लेकिन उसे पकड़ने में असफल रहे। हालांकि, छात्र का स्कूल बैग गाड़ी में ही छूट गया। काफी दूर तक दौड़ने के बाद छात्र किसी तरह सुरक्षित अपने घर पहुंचा, जहां उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्र के पिता मोरिस पूर्ति ने मुरहू थाना को घटना की सूचना दे दी है।
इधर, मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा ने बताया कि अपहरण जैसी कोई लिखित सूचना अभी तक थाने में प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है। बच्चे के बयान के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

