खूंटीः रनिया थाना क्षेत्र के सौदे-निराशिंग गांव के पास सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान राइसम गांव निवासी मंगल बडिंग (45 वर्ष) और गुस्सलु बडिंग (60 वर्ष) के रूप में की गयी है। वहीं, हादसे में छह लोग घायल हो गये। घायलों में बिरसु चिक बड़ाईक, चोयता बडिंग, तिलिंगा बडिंग, लोड़गो बडिंग, बुधवा बडिंग और लेचा बडिंग शामिल हैं। सभी राइसम गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार राइसम गांव निवासी लोड़गो बडिंग के अबुआ आवास निर्माण के लिए बघीया बीचाटोली से ट्रैक्टर में लकड़ी लाद कर गांव ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में सौदे-निराशिंग गांव के समीप ढलान पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया।
रांची के ओरमांझी से लापता कन्हैया 61 दिनों बाद कोडरमा से बरामद, अंश-अंशिका के बाद पुलिस को मिली एक और बड़ी कामयाबी
ट्रैक्टर का हो गया था ब्रेक फेल
ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर पलट गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और राहत-बचाव में सहयोग किया। राहत कार्य जल्दी शुरू करने के बाद भी मंगल और गुस्सलु बडिंग की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं घायलों को ग्रामीणों की मदद से तत्काल रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



