रांचीः राजधानी रांची समेत राज्यभर में सर्द हवा के साथ शीतलहर का सितम जारी है। रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर मैक्लुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान शनिवार को माइसन एक डिग्री और खूंटी का 1.4 डिग्री दर्ज किया गया। यहां पहाड़ों जैसी ठिठुरन है। सुबह ओस की बूंदे बर्फ में तब्दील हो जा रही है। मौसम विभाग ने 11 जनवरी को रांची, गुमला, खूंटी में शीतलहर और कड़ाके की ठंड को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद कहते हैं कि इस वर्ष प्री-मानसून के बाद समय पर मानसून के सक्रिय दस्तक ने जहां प्रचुर मात्रा में नमी प्रदान की है तो ठंड भी समय से पूर्व लोगों को ठिठुरने को विवश कर रही हैं।बंगाल की खाड़ी में पांच बार से अधिक ला-नीना के सक्रिय होने के कारण ठंड का प्रकोप अभी बना रहेगा और मार्च प्रथम सप्ताह तक इसका असर देखने को मिलेगा।बता दें कि जिले के शहरी क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम लेकिन बाहरी क्षेत्रों में ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में कोहरे और कनकनी का असर देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहता है, जिससे लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।
दो दिनों बाद गिरेगा तापमान :
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में कहीं कहीं पर हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मैक्लुस्कीगंज का 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, खूंटी का 1.4 डिग्री सेल्सियस तो राजधानी रांची का अधिकतम 20.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 11 जनवरी को निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला और बोकारो में शीतलहर की संभावना बनी रहेगी।
इन जिलों के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले दो दिनों 11 और 12 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।इससे ठंड से राहत मिलेगी। इसके बाद अगले तीन दिनों यानी 13, 14 और 15 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी और ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।
अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान :
11 जनवरी : अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस
12 जनवरी : अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस
13 जनवरी : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस
14 जनवरी : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान का कहर, मैक्लुस्कीगंज बना बर्फीला शहर
जनवरी के मध्य में ही मैक्लुस्कीगंज में ठंड ने ऐसा विकराल रूप धारण कर लिया है कि जनजीवन पूरी तरह ठहर सा गया है। लगातार एक सप्ताह से माइनस के करीब बने तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया है।शनिवार को मैक्लुस्कीगंज ने इस सर्दी का भयावह दिन देखा, जब तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पूरा इलाका शीतलहर की गिरफ्त में आ गया। यह दिन अब तक का सबसे कोल्ड डे साबित हुआ।सुबह हालात ऐसे थे मानो पहाड़ों की बर्फीली वादियों में सुबह हो रही हो। मौसम के तेवर देखकर लोगों में डर है कि अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में तापमान और भी नीचे जा सकता है। कड़ाके की ठंड ने साफ कर दिया है कि इस बार मैक्लुस्कीगंज में सर्दी ने सारे पुराने रिकार्ड तोड़ दिए हैं।


