रांचीः झारखंड के मॉनसून की विदाई के बाद मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। राज्य के कई जिलों में सुबह हल्की धुंध छाने लगी है, वही दिन के चढ़ने के साथ धूप का एहसास भी हो रहा है। इसके बावजूद राजधानी रांची समेत कई जिलों में गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 अक्टूबर को राजधानी रांची और बोकारो का अधिकतम तापमान लगभग 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि जमशेदपुर जैसे गर्म मैदानी क्षेत्रों में पारा इससे अधिक ही दर्ज किया जा सकता है। वर्तमान स्थिति यह है कि रांची का अधिकतम तापमान 29°C और पलामू का अधिकतम तापमान 32°C तक पहुंच चुका है।
रांची, जमशेदपुर समेत झारखंड के प्रमुख जिलों का तापमान
IMD के आंकड़ों के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में रोजाना के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। आज के तापमान की बात करें तो हर जिले का पारा अलग रहने की संभावना है। राजधानी रांची में जहां अधिकतम 29°C और न्यूनतम 15°C रहने वाला है तो वहीं, पलामू का अधिकतम 32°C और न्यूनतम 19°C रहने के आसार हैं. उसी तरह जमशेदपुर में अधिकतम पारा 33°C और न्यूनतम 23°C तो धनबाद में अधिकतम 32°C और न्यूनतम 21°C, बोकारो में 30°C और 18°C रामगढ़ में अधिकतम 30°C और न्यूनतम 19°C और गुमला का अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 16.5°C रहने की उम्मीद है। फिलहार रांची में सुबह के वक्त हल्की ठंड और दिन में गर्मी महसूस हो रही है। जबकि पलामू में भी दिन के समय गर्मी महसूस होती है और जमशेदपुर में अपेक्षाकृत गर्मी का जोर ज्यादा है। इसके उलट, गुमला में सुबह और रात का वक्त अन्य गर्म जिलों की तुलना में काफी सुहाना बना हुआ है।

आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम?
रांची स्थित मौसम केंद्र द्वारा 20 अक्टूबर को जारी बुलेटिन के अनुसार, आज 21 से लेकर 26 अक्टूबर तक किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी (Warning) जारी नहीं की गई है। आज राज्यभर में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। हालांकि स्थानीय परिस्थितियों की वजह से कहीं कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती हैं।
21 से 26 अक्टूबर तक कैसा रहने वाला है मौसम
21 अक्टूबर: राज्य के अधिकतर हिस्सों में सुबह धुंध और दिन में आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है।
22 अक्टूबर: मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, जिससे रांची और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्की ठंड बनी रहेगी।
23 अक्टूबर: दिन के वक्त धूप खिली रहेगी और दोपहर में हल्की गर्मी का अनुमान है।
24 अक्टूबर: अधिकांश जिलों में मौसम के साफ और अनुकूल बने रहने की उम्मीद है।
25 अक्टूबर: अधिकतम तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
26 अक्टूबर: सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस होगी।
दीपावली छठ पूजा पर कैसा रहेगा वेदर?
IMD की मानें तो अक्टूबर तक झारखंड का मौसम अमूमन शुष्क ही रहेगा। किसी भी जिले में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, नवंबर दीपावली और महापर्व छठ के आसपास ठंड बढ़ने के संकेत हैं, हालांकि, बारिश या अन्य किसी भी बाधा को लेकर मौसम विभाग ने अभी तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।







