लोहरदगा : सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठन मारुति मंगल परिवार के तत्वावधान में सदर प्रखंड अंतर्गत निंगनी पंचायत में सर्वसमाज के बुजुर्गों, दिव्यांगों, असहाय एवं जरूरतमंदों के लिए सेवा शिबिर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से कड़ाके की ठंड को देखते हुए 551 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। मारुति मंगल परिवार के इस आयोजन से क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम में मारुति मंगल परिवार के केंद्रीय अध्यक्ष विक्रम महतो, संगठन प्रमुख शुभेश कुमार, लोहरदगा जिला प्रभारी राजेश कुजूर, बसंत लोपवार, हजारीबाग जिला प्रभारी रिकेश कुमार, खूंटी जिला प्रभारी पवन, लोहरदगा जिला परिषद के प्रभारी अध्यक्ष विनोद उरांव, स्थानीय मुखिया खमी मुन्नी उरांव, पंचायत समिति सदस्य सीता देवी, ग्राम प्रधान विकास उरांव, संजय कुजुर, निशा कुजुर, भरत लोहरा, शांति उरांव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे।

मौके पर लोहरदगा जिला परिषद के प्रभारी अध्यक्ष विनोद उरांव ने बताया कि मारुति मंगल परिवार पिछले 14 वर्षों से सर्वसमाज के उत्थान, जागरूकता और सामाजिक सुधार के लिए लगातार अभियान चला रहा है। संगठन समय-समय पर सेवा शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री, गर्म कपड़े, खेल सामग्री और विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराता है।

केंद्रीय अध्यक्ष विक्रम महतो ने अपने संबोधन में समाज से जातिवाद, क्षेत्रवाद, नशाखोरी, अंधविश्वास, सड़क दुर्घटनाओं की लापरवाही, बाल विवाह, मृत्यु-भोज, दहेज और अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। सेवा शिबिर से प्रभावित होकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और युवाओं ने संगठन से जुड़ने तथा इसके विचारों को व्यापक स्तर पर फैलाने का संकल्प लिया।





