पलामू की डांसर पूजा को पहले प्रेम जाल में फंसाया फिर प्रेमी ने करा दिया कत्ल, बिहार के शूटर को दी थी सुपारी

pooja

पलामू: जपला की नर्तकी पूजा कुमारी उर्फ सावित्री (25 वर्ष) की हत्या प्रेम प्रसंग और लेन-देन के विवाद के चलते हुई थी। इस मामले में उसके प्रेमी संदीप कुमार ने बिहार के शूटर को 60 हजार रुपये की सुपारी दी थी। पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने मंगलवार को एसपी कार्यालय सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान इस हत्याकांड का खुलासा किया।

पूजा की हत्या की वजह और साजिश

एसपी ने बताया कि पूजा का छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई गांव निवासी संदीप सिंह (30 वर्ष) के साथ प्रेम संबंध था। प्रेम प्रसंग और लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद संदीप ने पूजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने बिहार के औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के हबसपुर गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदार शुभम सिंह (19 वर्ष) से संपर्क किया। शुभम ने इस काम के लिए बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा गांव निवासी पप्पू शर्मा से संपर्क किया।

बिहार से पकड़ा गया शूटर

पप्पू शर्मा पर औरंगाबाद जिले के बारुण, ओबरा, नवीनगर, और मदनपुर थानों में चोरी, मारपीट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पप्पू ने 60 हजार रुपये में पूजा की हत्या करने की सुपारी ली। 22 दिसंबर को पप्पू शर्मा ने रवि विश्वकर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर जपला नर्तकी मोहल्ला पहुंचकर पूजा की पहचान की और गोली मार दी।

प्रेमी ने 60 हजार की दी थी सुपारी

हत्या के बाद आरोपी छतरपुर होते हुए बिहार भागने की कोशिश कर रहे थे। हरिहरगंज में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर बारुण पुलिस के सहयोग से शुभम सिंह और करमा चराई गांव से संदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया।

आईफोन, बाइक बरामद

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टीवीएस राइडर बाइक, टाटा पंच कार, सुपारी के 10 हजार रुपये, एक आईफोन, दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल, एक देसी कट्टा, और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

छापेमारी में शामिल पुलिस टीम

इस कार्रवाई में हुसैनाबाद एसडीपीओ एस मो. याकूब, हुसैनाबाद थाना प्रभारी संजय कुमार यादव, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार, लठेया पिकेट प्रभारी धर्मवीर कुमार यादव समेत विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी शामिल थे।

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now